पूरी दुनिया में 24 घंटे में मिले 31.45 लाख कोरोना संक्रमित, अमेरिका में एक दिन में 2269 लोगों की मौत

पूरी दुनिया में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 31.45 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। इस दौरान 10.64 लाख लोग ठीक हुए हैं और 8032 संक्रमित मरीजों की मौत भी हुई हैं। अमेरिका में सबसे ज्यादा 8.14 लाख मरीज मिले इसके बाद फ्रांस में 3.61 लाख केस दर्ज किए गए। तीसरे नंबर भारत का है यहां, बीते दिन 2 लाख 47 हजार 417 नए कोरोना संक्रमित मिले। ।

पिछले दिन के मुकाबले दुनिया में कोरोना के नए मामलों में 2.35 लाख की बढ़ोतरी हुई है। दुनिया में बुधवार को 29.10 लाख नए संक्रमित मिले थे। केवल अमेरिका में ही 2269 मौतें दर्ज की गई हैं, जो दुनियाभर की नई मौतों का करीब एक तिहाई है।

एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 4.89 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.06 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। पूरी दुनिया में अब तक करीब 31.73 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.28 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 55.29 लाख से ज्यादा जान गंवा चुके हैं।

अमेरिका में बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन स्कूल खुले रखने पर जोर दे रही है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की बुधवार देर रात जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सरकार एक नया कदम उठाने जा रही है, ताकि एजुकेशन सेक्टर को महामारी से बचाया जा सके। इसके लिए स्कूलों में लाखों टेस्ट मुफ्त में किए जाने की कवायद शुरू की जा रही है। करीब 50 लाख रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जाएंगे। इसके लिए अलग से एक टास्क फोर्स बनाई जा रही है।