बीते दिन पूरी दुनिया में मिले 34.61 लाख नए कोरोना मरीज; अमेरिका में बाइडेन सरकार मुफ्त में बांटेगी 40 करोड़ N95 मास्क

पूरी दुनिया में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन 34.61 लाख नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। 18.58 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 8,832 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 7.10 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 4.36 लाख नए मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। वहीं, 3.17 लाख से अधिक मामलों के साथ भारत तीसरे नंबर पर है।

अमेरिका में 2,374 नई मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं, भारत में 491 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 6.07 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.5 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। अब तक करीब 33.92 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27.28 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 55.83 लाख की मौत हो चुकी हैं।

अमेरिका में बाइडेन सरकार 40 करोड़ N95 मास्क बांटने जा रही है। ये N95 मास्क हेल्थ सेंटर्स और फार्मेसी के जरिए डिस्ट्रीब्यूट किए जाएंगे। कंपनियों से यह मास्क खरीदकर हर राज्य को उसकी जरूरत के मुताबिक डिस्ट्रीब्यूट किए जाएंगे, जहां से आम लोग इन्हें मुफ्त में ले सकेंगे। अमेरिकी इतिहास में पहले कभी इतने बड़े पैमाने पर प्रोटेक्टिव हेल्थ इक्युपमेंट्स मुफ्त नहीं बांटे गए। अमेरिकी हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, N95 मास्क कोरोना के खिलाफ जंग में अहम हथियार साबित हुए हैं। यह 95% एयरबॉर्न एयर पार्टिकल्स को रोक देते हैं।

पिछले हफ्ते पब्लिश की गई न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने कई कंपनियों को कुल 50 करोड़ N95 मास्क तैयार करने को कहा है। व्हाइट के एक अधिकारी ने बताया कि वयस्क लोगों को 3 मास्क दिए जाएंगे। वहीं, आने वाले समय में बच्चों को भी मुफ्त मास्क दिया जा सकता है।