दिल्ली में 24 घंटे में मिले 1400 से ज्यादा कोरोना मरीज, 5.97% पहुंचा पॉजिटिविटी रेट

दुनियाभर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। भारत में भी अब कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी हैं। दिल्ली में पिछले कई दिनों से कोरोना के मामलों में उछाल देखने को मिल रही है। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 1414 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इससे पहले सोमवार को 1076 कोरोना मरीज मिले थे। दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 5,986 हो गई हैं। इसके अलावा 183 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को दिल्ली में 23,694 टेस्ट हुए। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 5.97% हो गया है।

इसी के साथ जानकारी मिली है कि भारत में कोरोना के XE वैरिएंट की एंट्री हो गई है। इसकी पुष्टि भारत में जीनोम सिक्वेंसिंग की निगरानी करने वाली संस्था INSACOG के वीकली बुलेटिन में की गई है। INSACOG के बुलेटिन में बताया गया है कि देश में XE वैरिएंट का एक केस आ चुका है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, XE वैरिएंट ओमिक्रॉन के ही सब-लीनेज BA.1 और BA.2 से मिलकर बना है। इसे BA.2 की तुलना में 10% ज्यादा संक्रामक माना जा रहा है। XE वैरिएंट का पहला केस इसी साल 19 जनवरी को यूके में मिला था।