भारत / 2021 में रोजाना आ सकते हैं कोरोना के 2.87 लाख मामले

भारत में 2021 में कोरोना के 2.87 लाख मामले सामने आ सकते हैं। यह दावा अमेरिका के मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं ने अपनी रिसर्च में किया है। शोधकर्ताओं ने दुनिया के 84 देशों में जांच के आंकड़ों के आधार पर महामारी मॉडल विकसित किया है। यह अनुमान, दुनिया के शीर्ष 10 देशों में रोजाना संक्रमण की दर के आधार पर लगाया है।

यह रिसर्च शोधकर्ता हाजिर रहमनदाद, टीवाय लिम और जॉन स्टरमैन ने मिलकर की है। शोधकर्ताओं का कहना है कि वैक्सीन नहीं बनीं तो 2021 में सर्दियों के अंत तक भारत में रोजाना कोरोना के 2.87 लाख मामले सामने आएंगे। यह आंकड़ा दूसरे देशों से ज्यादा है।

भारत के बाद अमेरिका में 95,400, दक्षिण अफ्रीका में 20,600, ईरान में 17,000, इंडोनेशिया में 13,200, ब्रिटेन में 4,200, नाइजीरिया में 4,000 , तुर्की में 4,000, फ्रांस में 3,300 और जर्मनी में 3,000 रोजाना मरीज मिलेंगे।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस खतरे को कम करना है तो कड़ाई से कोरोना की जांच करनी होगी। इसके अलावा संक्रमितों से सम्पर्क से दूर रहना होगा। अगर ऐसा न हुआ तो महामारी विकराल रूप ले सकती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि कई देश कोरोना के सही आंकड़े नहीं जारी कर रहे।