देश में कोरोना वायरस जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। हर रोज ताबड़तोड़ नए मामले सामने आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 9073 नए मरीज मिले। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण दर 18.96% पर पहुंच चुका है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की बात करे तो यहां एक दिन में 4759 मरीज सामने आ गए हैं। पूरे राज्य में अभी 25,475 सक्रिय मरीज हैं। अब मामले तो बढ़ ही रहे हैं लेकिन मौत का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। 24 घंटे के अंदर 16 लोगों ने इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवा दी है।
पिछले कई दिनों से लगातार पश्चिम बंगाल में कोरोना के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। जिस तेजी से मामले बढ़ रहे हैं, सरकार की चिंता तो बढ़ी ही है लेकिन उससे ज्यादा चुनौती इन बढ़ते मामलों पर ब्रेक लगाना है। अब इस दिशा में सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। टेस्टिंग बढ़ाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है।
पिछले 24 घंटे में 47,864 टेस्ट किए गए हैं। अब इस ज्यादा टेस्टिंग की वजह से ही संक्रमण दर की डरावनी तस्वीर भी सामने आई है। दूसरे राज्यों की तुलना में बंगाल का संक्रमण दर 18.96% चल रहा है। आसान शब्दों में एक शख्स कम से कम 18 लोगों तक ये वायरस पहुंचा जा रहा है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग से लेकर कोरोना चेन तोड़ने तक, हर पहलू पर सरकार फोकस कर रही है।