उत्तर प्रदेश / पिछले 24 घंटे में मिले 4453 नए मरीज, 43 की मौत

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आए है। यूपी में कोरोना के 4 हजार 453 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 85 हजार 261 पहुंच गई है। 24 घंटे में 43 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मौतों का आंकड़ा 1630 हो गया है। राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 34968 हो गई है। राहत की बात है कि, अब तक 48,663 लोगों कोरोना की मात देकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश में 1,15,618 सैंपल्स की टेस्टिंग की गई, जो अब तक प्रदेश में एक दिन में की गई सर्वाधिक टेस्टिंग संख्या है। अब तक प्रदेश में कुल 23,25,428 टेस्ट किए गए हैं। 5 सैंपल के 3358 पूल लगाए गए, जिसमें से 531 में पॉजिटिविटी पाई गई और 10 सैंपल के 302 पूल लगाए गए, जिसमें से 30 में पॉजिटिविटी पाई गई। उन्होंने बताया कि अब तक सर्विलांस से 40823 इलाकों में 1,47,08,791 घरों का सर्विलांस किया गया है, जिसमें 7,44,89,777 लोग रहते हैं।

बता दे, इससे पहले गुरुवार को एक दिन में कोरोना वायरस के 3 हजार 705 नए मामले सामने आए थे। नए मरीजों के बढ़ने की ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या थी। लेकिन शुक्रवार को यह रिकॉर्ड टूट गया। 57 संक्रमितों की मौत हुई थी।