यूपी में घटने लगे एक्टिव केस, पिछले 24 घंटे में मिले 14803 कोरोना मरीज, 20 हजार से ज्यादा हुए ठीक

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 14803 नए कोरोना केस मिले हैं लेकिन 20,191 लोग ठीक हो गए हैं। कुल एक्टिव केस की संख्या घटकर 1.1 लाख लाख रह गई है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में कुल ठीक हुए लोगों की संख्या 17,40,268 हो गई हैं। राज्य में फिलहाल 1,01,114 सक्रिय मामले हैं। उन्होंने बताया कि बीते 1 दिन में 12 कोविड संक्रमितों की मौत हुई। इनमें से अधिकांश लोगों की मौत दूसरी बीमारियों की वजह से हुई। प्रसाद ने बताया कि कुल एक्टिव केस का लगभग 1 फीसदी लोग ही अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि लक्षण पाए जाने पर तत्काल जांच कराएं। स्वास्थ्य टीमें घर पर दवाएं उपलब्ध कराएंगी। जरूरत पड़ेगी तो तत्काल अस्पताल शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1,01,114 एक्टिव केस में से 98,797 केस होम आइसोलेट हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट फिलहाल 7.11% रही। वहीं 2 लाख 8 हजार 308 सैंपल्स की जांच हुई। अब तक 9,67,42,842 सैंपल्स की जांच हो चुकी है।

टीकाकरण की जानकारी देते हुए प्रसाद ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में अब तक 13 करोड़ 93 लाख 77 हजार 643 लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया प्रदेश में 15-18 साल के किशोरों को 58,97,355 को पहली खुराक मिल चुकी है। राज्य में अब तक 23 करोड़ से ज्यादा खुराक लगाई जा चुकी है।