UP News: पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना के 8737 नए मरीज, 255 की हुई मौत

उत्तर प्रदेश में कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 8737 नए संक्रमित केस मिले हैं, जबकि 255 लोगों की मौत हो गई है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस की रिकवरी दर लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में एक्टिव केस में भी 56% की गिरावट आई है, जबकि रिकवरी दर 90.60% हो गई है। कोरोना संक्रमण के कारण प्रदेश में बीते 24 घंटे में 255 लोगों की मौत हो गई है। अब पॉजिटिविटी दर 3.2% हो गई है। यह संख्या 24 अप्रैल, 2021 को संसूचित 38 हजार मामलों से लगभग 29 हजार कम है।

वैक्सीनेशन पर फोकस

वहीं, पिछले 24 घंटों में 23,045 संक्रमित व्यक्ति उपचार के बाद डिस्चार्ज किये गये हैं। प्रसाद ने बताया कि सरकार का फोकस वैक्सीनेशन पर बढ़ गया है। अब तक 1,19,42,983 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। सोमवार से 23 जिलों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी वैक्सीनेशन का काम चल रहा है। प्रदेश में 32,81,544 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई है। अब तक 18 से 45 वर्ष के बीच आयु वर्ग के 5,27,193 लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।