COVID-19 in UP: प्रदेश के 75 में से 7 जिले हुए कोरोना मुक्त, पिछले 24 घंटे में मिले 60 नए मरीज

देश में कोरोना के तीसरी लहर के बीच उत्तर प्रदेश काफी सुरक्षित स्थिति में है। प्रदेश के 75 में से 7 जिले कोरोना मुक्त हो गए हैं, जबकि प्रदेश में जांच के साथ वैक्सीनेशन का भी बड़ा अभियान जारी है। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 2 लाख 51 हजार 287 सैंपल की जांच की गई। इसमें से 60 नए संक्रमित मिले हैं। इसी दौरान 116 लोग कोरोना मुक्त भी हुए।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश के 43 जिलों में 24 घंटे में संक्रमण का एक भी नय केस नहीं मिला है। 32 जिलों में सिंगिल डिजिट में नए संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में 24 घंटे में पॉजिटिविटी रेट 0.02% तथा ओवरऑल पॉजिटिविटी रेट 2.6% है।

अपर मुख्य सचिव से बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ के ट्रैक, टेस्ट तथा ट्रीट के फॉर्मूला का बड़ा असर देखने को मिला है। उनके निर्देश पर निगरानी समिति काफी एक्टिव थीं और बड़ा अभियान चलाकर संक्रमितों की तलाश की गई।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में अब कुल एक्टिव केस 787 हैं। बीती 30 अप्रैल को प्रदेश में कुल एक्टिव केस 3,10,783 थे, जबकि 23 अप्रैल को एक दिन में 38000 से नए कोरोना मरीज मिले थे।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में वैक्सीनेशन का भी बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। बीते 24 घंटे में 5,81,750 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई है। अब तक प्रदेश में कुल 4 करोड़ 63 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।