उत्तर प्रदेश / 60 हजार के पार हुए कोरोना के मरीज, 24 घंटे में मिले 2712 नए संक्रमित केस, अब तक 1348 लोगों की हुई मौत

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में राज्य में 2 हजार 712 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। गुरुवार को कोरोना के 2 हजार 529 नए मरीज सामने आए थे। आज मिले मरीजों के बाद प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 60,771 तक पहुंच गई है. शुक्रवार को 50 संक्रमितों की जान गई है। अब तक राज्य में 1 हजार 348 संक्रमितों की कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते मौत हुई है। अब राज्य में 21 हजार 711 एक्टिव केस हैं। जबकि, 37 हजार 712 ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में एक दिन के भीतर 50 हजार 697 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक प्रदेश में 17,05,348 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। अब तक सर्विलांस से 33,995 इलाकों में 1,33,06,810 घरों का सर्विलांस किया गया है। जिसमें 6,77,18,224 लोग रहते हैं। वहीं अब प्रदेश में अब कोविड हेल्प डेस्क की संख्या बढ़कर 56 हजार 164 हो गई है। इन कोविड हेल्प डेस्क के माध्यम से 69 हजार 633 लोगों की पहचान की गई है। इनमें कोई न कोई लक्षण मिले हैं।

रोजाना एक लाख सैंपल जांचने का लक्ष्य

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार को कोविड-19 टीम इलेवन के साथ बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग को हर दिन कोरोना के एक लाख सैंपल जांचने का लक्ष्य दिया है। मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया है कि 30 लाख से अधिक आबादी वाले जनपदों में अब रैपिड एंटीजन टेस्ट दो हजार तक अब पहुंचाया जाए और बाकी जिलों में एक हजार टेस्ट तक किए जाएं।