उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों में तेजी आ गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 762 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हजार 943 हो गई है। इसमें से 13 हजार 583 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि वर्तमान में कोरोना के 6 हजार 730 सक्रिय मामले हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रसाद ने बताया कि इस महामारी की चपेट में आकर राज्य में अबतक 630 लोगों की जान गई है। अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि टेस्टिंग के मामले में हमने एक नया बेंचमार्क सेट किया है। गुरुवार को प्रदेश में 19 हजार 387 सैंपल की जांच हुई। हम अपनी टेस्टिंग क्षमता लगातार बढ़ा रहे हैं। जल्द ही हम प्रतिदिन 20 हजार से अधिक टेस्ट करने लगेंगे। प्रसाद ने बताया कि अभी तक उत्तर प्रदेश में कुल 6 लाख 42 हजार 833 सैंपल की जांच हो चुकी है।
प्रसाद ने बताया कि आशा वर्कर लगातार प्रवासी श्रमिकों और कामगारों की ट्रैकिंग कर रही हैं। अभी तक 18 लाख 69 हजार 542 श्रमिकों की ट्रैकिंग हो चुकी है। इनमें से 1 हजार 647 में कोरोना के लक्षण मिले। आशा वर्कर्स से प्राप्त डेटा के आधार पर इनकी टेस्टिंग कराई गई। इनमें से 225 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और अभी कुछ जांच के नतीजे आने बाकी हैं।