महाराष्ट्र / बिगड़े हालात, हर दिन मिल रहे 5 हजार पॉजिटिव मरीज, 5537 नए संक्रमित मिले; 198 लोगों की हुई मौत

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले अब लगातार 5 हजार से ज्यादा आ रहे है. बुधवार को संक्रमण के 5 हजार 537 नए मामले सामने आए और 198 मरीजों की मौत हो गई। ये दोनों ही अब तक के एक दिन के सबसे बड़े आंकड़े हैं। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 80 हजार 298 हो गई है। राज्य में महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8 हजार 53 हो गया है।

बुधवार शाम तक कुल 9 लाख 92 हजार 723 लोगों का टेस्ट हुआ है। फिलहाल राज्य में पॉजिटिव मरीजों का रेत 18.16% है। कुल संक्रमित मरीजों में से 93 हजार 154 मरीज अब तक ठीक होकर घर जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य से 2 हजार 243 मरीज ठीक हुए हैं। 24 घंटे में मुंबई में 1 हजार 487 नए मामले सामने आए। इसके साथ यहां संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 79 हजार 145 हो गई।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार रात से मुंबई में धारा 144 लगाने का फैसला किया गया है। पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, धारा 144 के तहत मुंबई के कंटेनमेंट जोन में एक व्यक्ति से ज्यादा के एक साथ एक जगह पर जमा होने पर रोक रहगी। इसी तरह की रोक पूरी मुंबई में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगी। हालांकि, इमरजेंसी सर्विस से जुड़े लोगों और सरकारी दफ्तरों में काम करने वालों के लिए यह नियम लागू नहीं होगा। इसके अलावा फल-सब्जी और मेडिकल स्टोर, बैंक, इलेक्ट्रिसिटी ऑफिस, स्टॉक एक्सचेंज, पेट्रोल पंप, मीडिया, पोर्ट, ऑनलाइन होम डिलीवरी करने वालों पर यह लागू नहीं होगा। आज रात 12 बजे से शुरू हुआ यह ऑर्डर पूरी मुंबई में 15 जुलाई रात 12 बजे तक लागू रहेगा।