MP News: ग्वालियर में एक दिन में 1,000 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले; जबलपुर में एक्टिव केस 5 हजार पार

ग्वालियर में 24 घंटे में 4 हजार 126 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 1,029 संक्रमित निकले हैं। यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा है। 5 संक्रमितों की मौत हुई है। इसमें से 2 की उम्र 25 से 30 साल थी। ग्वालियर में एक्टिव केस बढ़कर 5,130 हो गए हैं। शुक्रवार को 60 से ज्यादा जगहों पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए। अब तक कुल 25 हजार संक्रमित मिल चुकेे हैं। लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने शाम को दूध, सब्जी लेने के लिए निकलने की छूट भी खत्म कर दी। सुबह भी 10 बजे तक की छूट को घटाकर 9 बजे तक कर दिया गया है।

जबलपुर: एक्टिव केस 5 हजार पार, 430 बेड बढ़ाए जाएंगे

लॉकडाउन को एक सप्ताह होने जा रहा है, लेकिन कोरोना की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। जबलपुर में 798 नए संक्रमित मिले हैं, 7 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 2,812 सैंपल की जांच की गई थी। यहां संक्रमण दर 28% से ज्यादा है। एक्टिव केस 5,102 हो गए हैं। प्रशासन के मुताबिक जिले में कुल बेडों की संख्या 2,200 है। 3,500 से ज्यादा लोग होम आइसोलेट हैं। रिकवरी रेट 82.41% पर पहुंच गया है। 17 अप्रैल से 22 अप्रैल तक जिले के ग्रामीण इलाकों में भी लॉकडाउन लगाने का आदेश जारी किया है। अभी शहरी क्षेत्र में ही लॉकडाउन था। प्रशासन ने 430 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था के लिए चार जगह तय की हैं।