बीते 24 घंटे में मिले 13 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज, एक्टिव केस 83 हजार के पार

कोरोना के केसों में बीते दिन भी उछाल देखने को मिला। एक दिन में 13 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिले। बीते 24 घंटे में 13,313 नए कोरोना मरीज मिले और 38 लोगों की मौत भी हुई। फिलहाल भारत में कोविड के 83,000 से ज्यादा एक्टिव मरीज मौजूद हैं। देश में अबतक कोविड की वजह से 5,24,941 मौतें हो चुकी हैं।

कुल नए केसों में सिर्फ केरल की हिस्सेदारी 31.73% है। बीते दिन केरल में 4,224 नए मरीज मिले। इसके बाद महाराष्ट्र में 3,260, दिल्ली में 928, तमिलनाडु में 771 और उत्तर प्रदेश में 678 मरीज मिले। कुल नए केसों में से 74.07% इन्हीं पांच राज्यों से आए हैं।

देश में कोविड से ठीक होने वाली दर 98.6% है। बीते 24 घंटे में 10,972 मरीजों ने कोविड को हराया है। फिलहाल देश में कोविड के 83,990 एक्टिव केस हैं। बीते 24 घंटे में 2,303 एक्टिव केस बढ़ गए हैं। कल देश में कोविड के 3 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए।

कोविड वैक्सीन की बात करें तो कल 14,91,941 कोविड टीके लगाये गए। देश में अबतक कोविड के 196 करोड़ से ज्यादा कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं।