बिहार में पिछले 24 घंटे में मिले 17 नए मरीज, पटना में सबसे ज्यादा 14

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दहशत के बीच बिहार में एक बार फिर कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा देखा गया है। गुरुवार को राज्य में 17 नए कोरोना पॉजिटिव केस आए। इनमें 14 केस पटना के हैं। बेगूसराय, गया और नालंदा में भी 1-1 पॉजिटिव मामले आए हैं। पटना में 21 दिन बाद इतने सारे मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है। अब राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। दिसंबर के 9 दिनों में कोरोना संक्रमित होने वालों की संख्या भी 54 हो गई है, जिससे खतरा बढ़ता जा रहा है।

राज्य में कोरोना का खतरा तेजी से बढ़ रहा है और इसमें पटना सबसे आगे है। पटना में लगातार संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। नवंबर में छठ पर्व होने के बाद भी थोड़ी राहत रही, लेकिन दिसंबर में आंकड़ा तेजी से बढ़ गया है। पटना में 35 एक्टिव मामले हो गए हैं। पटना में अब तक 1,47,109 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए हैं, जिसमें 1,44,290 स्वस्थ्य हुए। 2,784 लोगों की जान चली गई है। खतरा बढ़ रहा है इस कारण से पटना में पाबंदियां भी बढ़ सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक राज्य में कुल 7,26,276 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं, इसमें 7,14,136 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव हो गई है। 12,090 लोगों की जान संक्रमण से चली गई है।

बीते 24 घंटे में 1,63,136 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। एक दिन पूर्व 1,66,837 लोगों की जांच हुई थी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सुरक्षा को लेकर अब जांच बढ़ाई जाएगी। बढ़ते मामलों को लेकर सुरक्षा का अलर्ट है। जांच की संख्या बढ़ाने के साथ वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है।