बिहार: 24 घंटे में मिले कोरोना के 13,374 मरीज, 84 की हुई मौत

बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण ने पिछले 24 घंटे में 13 हजार 374 लोगों को संक्रमित कर दिया। इस दौरान 84 लोगों की मौत भी हुई। आज मिले मरीजों के बाद राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 4,41,375 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बिहार (Bihar) में सोमवार अपराह्न चार बजे से मंगलवार चार बजे तक राजधानी पटना में सबसे ज्यादा 2,207 नए संक्रमित मिले हैं। पटना सहित सात जिलो में 500 से अधिक संक्रमण के मामलों की पुष्टि हुई है। औरंगाबाद में 597, बेगूसराय में 764, गया में 1133, पूर्णिया में 548, सारण में 589 और पश्चिमी चंपारण में 547 नए संक्रमित मिले हैं। आज हुई मौतों के बाद राज्य में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 2,391 हो गई है। आज कोरोना संक्रमण से उद्योग विभाग के निदेशक पंकज कुमार सिंह और पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह की कोरोना से मौत हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंकज कुमार सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि पंकज कुमार सिंह एक कुशल प्रशासक थे। उनके निधन की खबर सुनकर दुख हुआ।

इससे पहले, मंगलवार को एक दिन में 12 हजार 604 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी। वहीं, इस दौरान 86 मरीजों की इस महामारी से जान चली गई थी। बिहार के 27 जिलों में सौ से अधिक नए कोरोना संक्रमित मिले। राजधानी पटना की हालत सबसे ज्यादा खराब है, यहां सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले मिले हैं।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 1,03,895 सैंपल की जांच की गयी है। पिछले साल कोरोना महामारी की शुरूआत से अबतक प्रदेश में 2,62,37,749 नमूनों की जांच की जा चुकी है। साथ ही प्रदेश में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 98,747 है, और संक्रमण से उबरने की दर 77.09% है।