पहले दिन लगी 10 लाख से अधिक प्रीकॉशन डोज, गुजरात टॉप पर

देश में कोरोना की तीसरी लहर के दौरान सोमवार को लगातार 5वें दिन 1 लाख से ज्यादा मामले सामने आए। देश में बीते 24 घंटे के दौरान 1 लाख 66 हजार 37 नए मामले मिले है। इससे पहले रविवार को 1.79 लाख केस मिले थे। अब देश में कुल 8,13,534 एक्टिव केस हैं। सोमवार को 69,798 लोग ठीक हो गए, जबकि 276 लोगों की मौत हुई है। देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच सोमवार यानी 10 जनवरी से फ्रंट लाइन वर्कर्स और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों समेत गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को प्रीकॉशन डोज लगनी शुरू हो चुकी है। सोमवार को पहले ही दिन देश में 10,51,456 डोज लगाई गईं। इनमें से दूसरी बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गों को करीब 3,15,000 डोज लगाई गईं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि अनुमानित स्वास्थ्य सेवा से 1.05 करोड़ कर्मियों और अग्रिम मोर्चे के 1.9 करोड़ कर्मियों जबकि अन्य बीमारियों से पीड़ित 60 से अधिक आयु के 2.75 करोड़ व्यक्ति तीसरी डोज के लिए लक्षित आबादी में शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों में बड़े स्‍तर पर तीसरी डोज लगाई गई है। गुजरात में 1,50,993, उत्तर प्रदेश में 58,669, राजस्थान में 95,540 डोज लगाईं गई। मध्य प्रदेश ने 64,901 डोज लगाई गईं। बिहार ने रात 9 बजे तक 64,061 और कर्नाटक ने 81,728 डोज दीं गई। उत्तर पूर्वी राज्‍यों में कुल 7,921 तीसरी डोज दी गईं। त्रिपुरा में यह आंकड़ा 2,200 था। दिल्‍ली में करीब 20,000 एहतियाती डोज दी जा गईं। तीसरी डोज दिए जाने की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले साल की गई थी और इसे देने की शुरुआत उसके 17 दिन बाद हुई है।