जानिए आज किन राज्यों में लगेगी वैक्सीन, UP में 22 जनवरी से शुरू होगा वैक्सीनेशन का अगला चरण

दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में शनिवार से शुरू हुआ। दूसरे दिन यानी रविवार को देश के सिर्फ 6 राज्यों में कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। हेल्थ मिनिस्ट्री के एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. मनोहर अगनानी ने बताया कि इन राज्यों में वैक्सीनेशन के कुल 553 सेशन किए गए। इनमें 17,072 लोगों को टीका लगाया गया। अब तक कुल दो लाख 24,301 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं, पहले दिन 2 लाख 7 हजार 229 लोगों को वैक्सीनेट किया गया। वैक्सीन लगवाने वाले करीब 447 लोगों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ा है।

कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण का आज तीसरा दिन है। आज दिल्ली, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, कर्नाटक, केरला, आंधा प्रदेश में कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। महाराष्ट्र में शनिवार को कोविन एप में खराबी के बाद से टीकाकरण पर रोक लगा दी गई थी।

महाराष्ट्र में शनिवार से शुरू हुए कोरोना वैक्सीनेशन के पहले दिन 28 हजार 500 लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन एप में तकनीकी खराबी के बाद इसे बीच में ही रोकना पड़ा। हालांकि पहले दिन 18 हजार 338 यानी 64.34% लोगों को कोरोना टीका लगा दिया गया था। खबर है कि अब 19 जनवरी यानि कल से फिर से कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन का अगला चरण 22 जनवरी से शुरू होगा। वैक्सीनेशन के पहले दिन 31,700 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 22,600 लोगों को वैक्सीन लगाई जा सकी। वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में कितने लोगों का वैक्सीनेशन होगा, यह आगे तय होगा।

राजस्थान में कोरोना वायरस के खिलाफ 16 जनवरी से देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई है। राजधानी जयपुर में पहले दिन प्रदेश में 12 हजार 258 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई गई। जानकारी के मुताबिक, पहले दिन 16 हजार 613 लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी। सबसे ज्यादा जयपुर में 1 हजार 303 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगा। सबसे कम जैसलमेर में 108 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगा।

केरल में 69 हजार एक्टिव केस

आपको बता दे, देश में केरल को छोड़कर ज्यादातर राज्यों में कोरोना के केस कंट्रोल में हैं। केरल 68 हजार 990 एक्टिव केस के साथ टॉप पर है। 52 हजार 653 एक्टिव केस के साथ महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है। चिंता की बात ये भी है कि महाराष्ट्र में इतने केस 12 करोड़ 20 लाख की आबादी पर हैं, जबकि केरल की आबादी महज 3.5 करोड़ है। यानी आबादी के हिसाब से तुलना करें तो केरल में महाराष्ट्र से तीन गुना एक्टिव केस हैं। देश में रविवार को 13 हजार 962 नए केस आए, 14,513 मरीज ठीक हुए और 145 की मौत हो गई। अब तक कुल 1.05 करोड़ केस आ चुके हैं, 1.02 करोड़ ठीक हो चुके हैं और 1.52 लाख की मौत हो चुकी है। अब सिर्फ 2.05 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।