देश में 24 घंटे में 13 लाख से अधिक को लगा कोरोना का टीका, अब तक दी गई वैक्सीन की 2.56 करोड़ डोज

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रही है वहीं, टीकाकरण का अभियान भी तेजी से चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 55वें दिन देश में अब तक वैक्सीन की 2.56 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। बीते 24 घंटे में लाभार्थियों को 13.17 लाख डोज दी गई। वहीं, अब तक 70 हजार से ज्यादा रेल कर्मचारियों को भी टीका लगाया गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक लाभार्थियों को वैक्सीन की कुल 2 करोड़ 56 लाख 85 हजार 11 डोज दी जा चुकी है। बुधवार शाम तक लाभार्थियों में 71 लाख 70 हजार 519 स्वास्थ्यकर्मी, 70 लाख 31 हजार 147 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 साल से ज्यादा उम्र के 55 लाख 99 हजार 143 लोग और 45 साल से अधिक और गंभीर रोग से ग्रस्त 9 लाख 29 हजार 359 व्यक्ति शामिल हैं। स्वास्थ्यकर्मियों में से 39 लाख 77 हजार 407 और फ्रंटलाइन वर्कर्स में से 5 लाख 82 हजार 118 को वैक्सीन की दूसरी खुराक भी दी जा चुकी है।

मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को 7 लाख 25 हजार 930 लोगों को टीके की पहली और 1 लाख 96 हजार 109 स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी खुराक दी गई। पहली डोज लेने वालों में 60 साल से ज्यादा उम्र के 4 लाख 95 हजार 26 लोग और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 45 साल से अधिक आयु के 95 हजार 834 व्यक्ति शामिल थे।