दिल्ली में कोरोना कंट्रोल में, केरल-महाराष्ट में फिर संक्रमण की रफ्तार हुई तेज; एक दिन में मिले 4257 नए मरीज

देश में कोरोना के मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गई हैं। बीते 24 घंटे की बात करे तो देश में 4257 नए कोरोना मरीज मिले। इससे पहले 8 मार्च को 4575 केस आए थे। इस महीने यह दूसरा मौका है जब नए संक्रमितों का आंकड़ा 4 हजार के पार गया है। इससे पहले 2 जून को देश में 4041 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई धी।

शनिवार को 15 संक्रमितों की मौत हुई, जबकि 2612 ठीक हो गए। अभी 22,691 एक्टिव मरीज है यानी इनका इलाज चल रहा हैं। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले केरल में आ रहे हैं। राज्य में सबसे ज्यादा 9.87% पॉजिटिविटी रेट है यानी हर 100 जांचों पर करीब 10 लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं। यहां शनिवार को 1465 कोरोना मरीज मिले। 7 मरीजों की मौत हुई, जबकि 667 ठीक हुए। अभी यहां 7427 एक्टिव केस हैं यानी इतने संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

साथ ही महाराष्ट में भी एक बार फिर संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। यहां शनिवार को 1357 नए मरीज मिले, 595 ठीक हुए और एक संक्रमित की मौत हो गई। अब यहां 5888 एक्टिव केस हैं। बढ़ते केस को देखते हुए राज्या में फिर एक बार मास्क लगाना कंपलसरी कर दिया गया है।

दिल्ली में शनिवार को कोरोना के 405 केस आए। 384 लोग ठीक भी हुए। अच्छी बात है कि एक भी मौत नहीं हुई। अब यहां 1467 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। पिछले महीने दिल्ली में नए केस 1500 से अधिक आने लगे थे। दिल्ली में अब तक 19 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। 26,212 ने जान गंवाई है। अभी राजधानी में पॉजिटिविटी रेट 2.07% है।

आपको बता दे, महामारी के इस दौर में देश में 4।31 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 4।26 करोड़ ठीक हुए जबकि 5.24 लाख लोगों ने जान गंवाई।

ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने CORBEVAX वैक्सीन को कोरोना बूस्टर डोज के तौर पर मंजूरी दे दी है। कोवीशील्ड (Covishield) या कोवैक्सिन (Covaxin) की दोनों डोज ले चुके 18 साल से ज्यादा उम्र के लोग अब इमरजेंसी की स्थिति में CORBEVAX को बूस्टर डोज के रूप में ले सकेंगे।