इंडोनेशिया में कोरोना ने मचाया हाहाकार, अंतिम संस्कार के लिए लगी कतारें

कोरोना का कहर अभी तक थमा नहीं हैं। दुनिया के कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां कोरोना ने अपना तांडव मचा रखा हैं। इंडोनेशिया में कोरोना का हाहाकार जारी हैं जहां अंतिम संस्कार के लिए भी लंबी कतारें लग रही हैं। रोजाना करीब 50 फीसदी सैंपल संक्रमित मिल रहे हैं। इंडोनेशिया में ईद के दौरान लोगों की लापरवाही के नतीजे अब बड़े हुए संक्रमण के मामले और मौत के रूप में सामने आ रहे हैं। यहां डेल्टा वायरस तेजी से फैल रहा है। पिछले सात दिनों में रोजाना मिलने वाले 8,655 से मामलों की संख्या बढ़कर 20,690 प्रतिदिन हो गई है। बढ़ते मामलों से यहां के स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है। अस्पतालों में क्षमता से अधिक लोग भर्ती हैं। मरीजों के लिए तीमारदारों को खुद ऑक्सीजन का इंतजाम करना पड़ रहा है।

इंडोनेशिया में कोरोना के बढ़ते मामलों और संक्रमण से मौत के बीच सरकार ने टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। सरकार जल्द से जल्द ज्यादा लोगों को टीका लगाने का प्रयास कर रही है। लेकिन सरकार की कोशिशों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टीकों की आपूर्ति में कमी के साथ ही लोगों के मन में अब भी टीकों को लेकर संशय है और वे टीका नहीं लगवा रहे हैं। यहां लगातार मौत के बढ़ते आंकड़ों के चलते लोगों को अपने करीबियों को दफनाने के लिए इंतजार करना पड़ा रहा है। देश मे बढ़ते मामलों के मद्देनजर सरकार को कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं।