फिर बढ़ने लगा कोरोना, दुनियाभर में 6 करोड़ पार हुए एक्टिव मरीज

दुनियाभर में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ना शुरू हो गए है। पिछले 24 घंटे में दुनियाभर में 13 लाख से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 3,579 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा केस दक्षिण कोरिया में मिले हैं। यहां 350,176 कोरोना के नए केस मिले हैं। वहीं, इसके बाद जर्मनी में 213,264, वियतनाम में 166,968, फ्रांस में 60,422, इटली में 48,886 और रूस में 44,989 केस मिले हैं। मौतों की बात करे तो पिछले 24 घंटे में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें रूस में हुई हैं। यहां 596 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। इसके अलाव दक्षिण कोरिया में 251 लोगों की जान गई है। इंडोनेशिया में 215, मैक्सिको में 203 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।

एक्टिव केस 6 करोड़ के पार

अब तक दुनिया में कोरोना वायरस के 45.85 करोड़ केस सामने आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से 39.16 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना के एक्टिव केस 6.08 करोड़ हो गए हैं। यानी इन लोगों का अभी इलाज चल रहा है। दुनियाभर में कोरोना से 60.6 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।