कर्नाटक में कोरोना की तीसरी लहर ने दी दस्तक, संक्रमित मरीजों की संख्या में 34% का आया उछाल

केरल के साथ-साथ अब कर्नाटक में भी कोरोना (Karnataka Corona Update) के मामले बढ़ने लगे है। बीते दिन कर्नाटक में 19 दिन बाद रोजाना संक्रमितों का आंकड़ा दो हजार के पार पहुंचा। राज्य में 2,052 नए मामले दर्ज किए गए हैं। बुधवार के मुकाबले राज्य में गुरुवार को 34% कोरोना संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आए हैं। बुधवार को 1531 कोरोना संक्रमण के नए केस मिले थे। इससे पहले यहां 10 जुलाई को 2,162 मामले सामने आए थे। कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के चलते 35 मरीजों की मौत हुई है। वहीं संक्रमण के मामलों की संख्या यहां 29 लाख को पार कर गई है। नई मौतों के साथ कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 36491 पर पहुंच गया है। राज्य में इस वक्त एक्टिव मरीजों की संख्या 23,253 है। गुरुवार को राज्य का पॉजिटिविटी रेट 1.37% रिकॉर्ड किया गया था। राज्य में एक दिन में 1,48,861 सैंपल्स की जांच की गई थी।

बेंगलुरू में बुधवार को 376 कोरोना मरीज मिले थे, वहीं गुरुवार को मरीजों की संख्या बढ़कर 505 हो गई।

राज्य में गुरुवार को दोपहर तक 1,00,224 वैक्सीन की डोज दी गईं। इसके साथ ही कल तक राज्य में कुल 2,97,01,032 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। दूसरी लहर में लॉकडाउन लगाने के बाद मामलों में गिरावट के चलते राज्य सरकार ने प्रतिबंधों में ढील दी थी।

केरल में मिले 22 हजार से ज्यादा मरीज

केरल की बात करे तो यहां लगातार तीसरे दिन भी 22 हजार से ज्यादा मरीज मिले। पिछले 24 घंटे में यहां 22,064 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़ा देश में आए नए केस का लगभग आधा है। इससे पहले यहां 27 जुलाई को 22,129 और 28 जुलाई को 22,056 केस आए थे।

तमिलनाडु में भी पिछले एक हफ्ते में सबसे ज्यादा 1,859 केस सामने आए। इससे पहले 22 जुलाई को यहां 1,872 मामले सामने आए थे।