अमेरिका से दोगुनी रफ्तार से भारत में बढ़ रहे कोरोना के एक्टिव मरीज, आंकड़ा 10 लाख के पार

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। कोरोना के एक्टिव केस का आंकड़ा 10 लाख के पार हो गया है। दुनिया में सबसे ज्यादा एक्टिव केस अब भारत में ही बढ़ रहे हैं। यहां एक्टिव मरीजों में हर दिन 14 से 15 हजार इजाफा हो रहा है। अमेरिका में इसके आधे यानी 6 से 7 हजार एक्टिव केस हर दिन बढ़ रहे हैं। मतलब अभी 10 लाख मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। बाकी 78.08% लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.64% मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में करीब 50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 38 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अब हर 10 लाख की आबादी में 41,395 लोगों की जांच हो रही है। इनमें 3,508 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इतनी ही आबादी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 58 है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले एक महीने में 24 लाख 28 हजार 825 लोग संक्रमित बढ़े थे। इस बीच, 20 लाख 78 हजार 443 लोग ठीक हुए, जबकि 32 हजार 7 मरीजों की मौत हुई। इस तरह से इस एक महीने में 3 लाख 22,042 एक्टिव केस बढ़े। देश में पहले 5 लाख एक्टिव मरीज मिलने में 179 दिन लगे थे। जबकि, यही आंकड़ा 5 से 10 लाख होने में महज 51 दिन लगे। जून में हर दिन 500 से 1000 एक्टिव केस बढ़ रहे थे। जुलाई में ये आंकड़ा दो हजार से तीन हजार हो गया। अगस्त में बढ़कर 7-8 हजार हो गया। अब सितंबर में हर दिन 14-15 हजार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। मई से 14 सितंबर तक 7 दिन ऐसे भी आए जब एक्टिव केस बढ़ने की बजाय घट गए। मतलब इन 7 दिनों में संक्रमितों की संख्या से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी है। ऐसे सबसे ज्यादा 4 मौके अगस्त में आए।