कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता राजीव त्यागी की दिल का दौरा पड़ने से मौत, अचानक गिरकर हुए थे बेहोश

कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि कुछ देर पहले ही वे एक टीवी चैनल पर डिबेट में शामिल हुए थे। उन्होंने शाम 5:00 बजे एक टीवी डिबेट में शामिल होने की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर दी थी। राजीव त्यागी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गाजियाबाद केयशोदा अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजीव त्यागी कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता थे और टीवी चैनलों पर डिबेट में प्रभावशाली तरीके से पार्टी का पक्ष रखते थे।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्वविटर हैंडल पर राजीव त्यागी के निधन पर शोक जताया है। कांग्रेस ने लिखा है कि राजीव त्यागी के अचानक निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं, वे एक पक्के कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे, इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार के साथ है।

राजीव त्यागी की निधन की खबर सुनकर राजनीतिक गलियारे में गहरी शोक की लहर है। टीवी डिबेट्स में राजीव त्यागी के साथ नजर आने वाले बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव त्यागी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि कांग्रेस पार्टी के मजबूत सिपाही और बेहतरीन प्रवक्ता राजीव त्यागी जी के आकस्मिक निधन का समाचार दुखद है। उनका जाना कांग्रेस पार्टी की न भरी जा सकने वाली क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवारजनों को संबल प्रदान करें।

अटलजी को दिखाया था काला झंडा

19 मार्च 1999 को गाजियाबाद में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दौरा किया था। इस दौरान एक आम सभा हुई थी। इस सभा में राजीव त्यागी ने अटल बिहारी वाजपेयी को काला झंडा दिखाया था और इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन के चलते राजीव 5 बार जेल गए थे। पर, अटल को काला झंडा दिखाकर वे सुर्खियों में आ गए थे।