'ध्यान भटकाना, झूठ फैलाना और तथ्य छिपाना' ये है सरकार की निति: राहुल गांधी

देश में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौत के आंकड़ों में बढ़ोतरी को लेकर बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ध्यान भटकाना, झूठ फैलाना और तथ्य छिपाना इस सरकार की नीति है।

उन्होंने ट्वीट किया, 'वैक्सीन कम होती जा रही हैं और कोविड मृत्यु बढ़ती जा रही हैं। केंद्र सरकार की नीति- ध्यान भटकाओ, झूठ फैलाओ, शोर मचाकर तथ्य छुपाओ।' कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर यह आरोप उस वक्त लगाया है जब भाजपा ने मंगलवार को एक 'टूलकिट' का हवाला देते हुए दावा किया था कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

पिछले 24 घंटे में 4,525 मरीजों की हुई मौत

देश में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 4,525 लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई है। यह देश में कोरोना से एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले सोमवार को 4,334 मौतें हुई थीं। इससे पहले 7 मई को 4,233 लोगों की मौत हुई थी। इसके साथ ही देश में मृतकों की संख्या 2.83 लाख हो गई है। हालाकि, देश में रोजाना मिलने वाले मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है। मंगलवार को 2,67,44 नए केस सामने आए। वहीं, 3,89,566 लोग ठीक भी हुए। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक लाख 27,109 की कमी हुई। बता दें देश में कोरोना से फिलहाल 1.10% लोगों की मौत हो गई है वहीं 85.60% लोग डिस्चार्ज और ठीक हो गए हैं। वहीं 13.29% एक्टिव केस हैं।