हादसे का शिकार हुए सांसद शशि थरूर, बाएं पैर में आई मोच, ट्वीट कर दी जानकारी

कांग्रेस सांसद शशि थरूर गुरुवार को हादसे का शिकार हो गए हैं। संसद में चलते समय उनके पैर में मोच आ गई है। इसके बाद तेज दर्द की वजह से उन्हें अस्पताल जाना पड़ा। शशि थरूर ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी है। इस ट्वीट के साथ शशि थरूर ने दो तस्वीरें भी शेयर की है। इन तस्वीरों में वे बेड पर लेटे दिख रहे हैं। उनके बाएं पैर में बैंडेज लगा है। हादसे के बाद शशि थरूर आज संसद की कार्यवाही में नहीं पहुंचे। इसके अलावा उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र जाने की योजना भी रद्द कर दी है। शशि थरूर फिलहाल दिल्ली में आराम कर रहे हैं।

अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि एक छोटी सी असुविधा हुई है। कल संसद में एक स्टेप मिस हो जाने के कारण मेरे बाएं पैर में बुरी तरह मोच आ गई। शशि थरूर ने कहा कि कुछ घंटों तक मैंने इसे नजरअंदाज किया लेकिन ये दर्द इतना बढ़ गया था कि मुझे अस्पताल जाना पड़ा। मैं फिलहाल चल फिर नहीं सकता हूं, आज संसद की कार्यवाही में नहीं जा पा रहा हूं। इसके अलावा मैंने अपने संसदीय क्षेत्र जाने के प्लान को भी रद्द कर दिया है।

बता दें कि अभी संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर को शुरू हुआ था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्र को सार्थक बनाने के लिए सभी दलों से सामूहिक प्रयास करने का अनुरोध किया था।