क्या आपको सर्दी नहीं लगती? जवाब में राहुल गांधी बोले- T Shirt ही चल रही है, जब काम नहीं चलेगा, तब देखेंगे

सोशल मीडिया पर इन दिनों #rahulgandhi और #tshirt ट्रेंड कर रहा है। इसकी वजह है राहुल गांधी का दिल्ली की कड़ाके की सर्दी में सिर्फ टीशर्ट में घूमना। दरअसल, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इन दिनों 3570 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी सिर्फ एक टीशर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के बावजूद राहुल गांधी की टी शर्ट वाली तस्वीरें न सिर्फ छाई हुई हैं, बल्कि हर तरफ इसे लेकर चर्चा है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है कि इतनी ठंड में राहुल गांधी कैसे सिर्फ एक टीशर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। क्या राहुल गांधी को ठंड नहीं लगती? जब राहुल गांधी से उनकी टी शर्ट को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने मजेदार जवाब दिया।

कांग्रेस आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस दौरान राहुल गांधी टी शर्ट में ही कांग्रेस के दफ्तर पहुंचे। जब राहुल गांधी से टी शर्ट को लेकर सवाल किया गया, तो इस पर राहुल गांधी ने कहा कि T Shirt ही चल रही है। जब टी शर्ट नहीं काम करेगी, तब देखेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा पर इस समय ब्रेक

भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त 9 दिन के ब्रेक पर है। यात्रा 3 जनवरी से उत्तर प्रदेश से शुरू होगी और तीन जिलों को कवर करेगी। 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी से यात्रा की शुरुआत होगी और ये अगले दिन यानी 4 जनवरी को बागपत जिले मवी कलां पहुंचेगी। 4 जनवरी को ही भारत जोड़ो यात्रा बागपत, बागपत के ही सिसाना, सरूरपुर, बड़ौत पहुंचेगी। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा 5 जनवरी तक रहेगी।5 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा ऐलम से शामली में प्रवेश करेगी। शामली के ही कांधला, ऊंचागांव और कैराना तक ये यात्रा यूपी में रहेगी। शामली के कैराना के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में प्रवेश कर जाएगी। यानी यूपी में राहुल गांधी की पदयात्रा तीन दिन में तीन जिलों से गुजरेगी।

548 किमी की यात्रा बाकी

भारत जोड़ो यात्रा ने 107 दिन में 9 राज्यों के 46 जिले कवर किए हैं और करीब 3000 किमी की यात्रा पूरी कर ली है। अब सिर्फ 548 किमी की यात्रा बाकी है। कांग्रेस ने 150 दिन में 3500 किमी पैदल यात्रा का टारगेट बनाया है। अभी 3 राज्यों यूपी, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से यात्रा का गुजरना बाकी है।