35 सांसदों संग राहुल हाथरस के लिए रवाना, प्रियंका खुद चला रही हैं कार

हाथरस कांड को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस लगातार यूपी की योगी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर हाथरस जा रहे हैं। वो दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर से अन्य नेताओं के साथ निकल गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ यूपी पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाथरस के लिए निकल गए हैं। राहुल गांधी को हाथरस जाने से रोकने के लिए पुलिस ने डीएनडी पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि वह हाथरस के पीड़ित परिवार से मिलेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे।

दिल्ली से हाथरस जाने के लिए राहुल गांधी पूरे लाव-लश्कर के साथ निकले। राहुल की कार बहन प्रियंका गांधी खुद चला रही हैं। राहुल और प्रियंका के साथ 35 सांसदों का डेलीगेशन जा रहा है। अपने नेता को देख उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। डीएनडी पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। Dnd पर भीषण जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने टोल फ्री सर्विस लेन को फिलहाल खोल दिया है, जिससे 1 लेन में गाड़ियां दिल्ली से नोएडा की तरफ जाने लगी है।

सांसद दो बसों में सवार हैं। नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीएनडी पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। नोएडा पुलिस ने डीएनडी पर सबसे आगे महिला पुलिस ने ह्यूमन चेन बनाई है। उसके पीछे पुरुष पुलिसकर्मियों की ह्यूमन चेन है। उसके बाद पुलिस के बैरिकेड हैं। चाकचौबंद व्यवस्था का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डीएनडी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिस तैनात है। नोएडा पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश की सीमा में नहीं घुसने दिया जाएगा। इसके तहत डीएनडी पर ही नोएडा में प्रवेश करने से रोक दिया जाएगा।

बता दे, इससे पहले कांग्रेस नेता केसी वेणु गोपाल ने शनिवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी थी कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार हाथरस जाएंगे। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर 1:30 बजे उनका काफिला नोएडा डीएनडी पहुंचेगा। इसके बाद यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए हाथरस जाएगा।

दूसरी तरफ, राजधानी लखनऊ में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। लखनऊ के बहुखंडी स्थित लल्लू के आवास पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

आवास पर तैनात पुलिसकर्मी अजय लल्लू को कहीं भी आने-जाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं। बताया जाता है कि अजय लल्लू के आवास पर आधी रात के बाद 1 बजे से ही भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अजय कुमार लल्लू की सुरक्षा को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

अजय लल्लू को हाउस अरेस्ट ऐसे समय में किया गया है, जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस जाने का ऐलान किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि उन्हें हाथरस जाकर पीड़िता के परिजनों से मिलकर उनका दर्द बांटने से कोई नहीं रोक सकता। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी होंगी।

गौरतलब है कि गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में उस वक्त काफी बवाल हुआ था जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक्सप्रेसवे होते हुए हाथरस जाने की कोशिश कर रहे थे। नोएडा पुलिस ने उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी थी। राहुल के साथ धक्कामुक्की तक की नौबत आ गई थी। घंटों के ड्रामे के बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिया था और बाद में छोड़ दिया गया था।