राम मंदिर निर्माण के लिए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी आए आगे, दिया इतने रुपये का चंदा

अयोध्‍या में राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह का काम चल रहा है। देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में लोग राम मंदिर निर्माण के लिए दान दे रहे हैं। खबर है कि भगवान राम का भव्‍य मंदिर बनाने में मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस के दिग्‍गज नेता दिग्विजय सिंह ने भी योगदान किया है। उन्‍होंने 1,11,111 रुपये (एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपये) का चंदा दिया है।

दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के जरिये राम जन्‍मभूमि तीर्थ ट्रस्‍ट को चेक भेजा है। उन्‍होंने पीएम मोदी को पत्र भी लिखा है। उन्‍होंने राम मंदिर निर्माण के लिए देश में लोगों से चंदा जुटाने का काम सौहार्द्रपूर्ण तरीके से करने की अपील की है। इसके साथ ही कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद के पुराने चंदे का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने की भी मांग की है।

आपको बता दें कि इससे पहले राम मंदिर निर्माण के लिए दो दिनों में 100 करोड़ रुपए दान मिलने की खबर आई। श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मीडिया को दी गई जानकारी में कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है कि इतनी बड़ी राशि दो दिनों में इकट्ठा कर ली गई है।