हमें राजनीति का पाठ न पढ़ाए कांग्रेस : अमित शाह

सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि वह 'हमें लोकतंत्र का पाठ न पढ़ाए'। शाह ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "इतिहास बताता है कि अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग सबसे अधिक बार कांग्रेस द्वारा किया गया है। मेरे पास कांग्रेस द्वारा गिराई गईं और फिर जनादेश के खिलाफ गठित की गईं सरकारों की सूची है। केवल इंदिरा गांधी के समय में ही, अनुच्छेद 356 का 50 बार से ज्यादा बार उपयोग किया गया और सरकारें गिराई गई। जवाहर लाल नेहरू ने सबसे पहले केरल में अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल किया था।"

कांग्रेस द्वारा भाजपा पर कम संख्याबल के बावजूद सरकार बनाकर लोकतंत्र की हत्या की कोशिश करने और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर पलटवार करते हुए शाह ने गोवा का उदाहरण दिया, जहां कांग्रेस 1980 में गोवा में एक भी सीट नहीं जीत पाई थी, लेकिन सरकार बनाई थी।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "मैं आपको एक अच्छा उदाहरण देता हूं। आप राहुल गांधी से भी पूछ सकते हैं। शायद उन्होंने कांग्रेस का इतिहास नहीं पढ़ा है। आप उन्हें इस बारे में बता सकते हैं। कांग्रेस ने गोवा विधानसभा का चुनाव लड़ा था और एक भी सीट नहीं जीती थी।"

शाह ने कहा, "उसके बाद ऐसा क्या चमत्कार हुआ कि प्रताप सिंह राणे ने दल बदल कर दिया। कांग्रेस ने न केवल अपनी सरकार बनाई, बल्कि बिना एक सीट जीतें ही पांच वर्षो तक अपनी सरकार चलाई।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को उनके इतिहास से कुछ सीखना चाहिए और इसके बारे में देश को बताना चाहिए।