कोयंबटूर / मकान मालिक के घर टीवी देखने जाती थी 10 साल की बच्ची, तीन लड़कों ने किया दुष्कर्म

तमिलनाडु की कोयंबटूर पुलिस ने 16 और 17 साल के दो लड़कों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों लड़कों पर 10 साल की एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित लड़की टीवी देखने के लिए अपने मकान मालिक के घर जाया करती थी। अभी हाल में उसने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसकी जांच कराई गई। जिसके बाद जांच में पाया गया कि लड़की के साथ कई बार यौन उत्पीड़न हुआ है। डॉक्टरों ने फौरन घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि मकान मालिक का बेटा और उसके दो दोस्तों ने यौन उत्पीड़न की वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना पिछले कई दिनों से चल रही थी।

आरोपियों ने लड़की को धमकाया था कि वह किसी के सामने अपना मुंह न खोले। बता दे, उत्पीड़न की घटना के बाद लड़की इतनी डरी हुई थी कि वह किसी को अपने पास नहीं आने दे रही थी। पुलिस ने 16 और 17 साल के दो आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। पूरा मामला सामने आने के बाद से ही तीसरा लड़का फरार चल रहा है।