जयपुर के गोपालपुरा बाइपास पर शनिवार को कोचिंग खुलने के साथ ही छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। कोचिंग फीस को लेकर जयपुर में संचालित एक सेंटर से जुड़े छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और गोपालपुरा बाइपास को बंद करके धरने पर बैठ गए। करीब 10 मिनट तक पूरी तरह रोड बंद होने के कारण रोड पर एक तरफा लंबा जाम लग गया। इसको देख वहां मौजूद पुलिस के जवानों के भी हाथ-पांव फूल गए।
प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने बताया कि कोरोनाकाल से पहले कोचिंग संचालक ने स्टूडेंट्स से कई महीनों की फीस ले ली थी। लेकिन लॉकडाउन लगने के बाद कोचिंग सेंटर बंद हो गए। अब जब वापस कोचिंग सेंटर शुरू हुए तो संचालक ने फीस वापस देने या उसे नए सेशन में समाहित करने से इंकार कर दिया। इसके विरोध में आज छात्रों ने ये विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले पर जब कोचिंग संचालक से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने फाेन नहीं उठाया।गोपालपुरा बाइपास जयपुर की सबसे प्रमुख और व्यस्ततम सड़क है। यहां से पूरे दिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। 8 लेन की इस रोड पर गोपालपुरा से गुर्जर की थड़ी जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद होने के कारण इससे पहले बने रेलवे ओवरब्रिज और त्रिवेणी चौराहे पर भी जाम लग गया। लोग दुपहिया व चौपहिया वाहन चालकों को मजबूरन गाड़ियां वापस घुमाकर अर्जुन नगर फाटक, महेश नगर 80 फीट रोड होते हुए जाना पड़ा। वहीं कुछ वाहन चालकों को 10बी स्कीम सहित अन्य कॉलोनियों के अंदर से होकर गुजरना पड़ा।