सिद्धू के इस्तीफे के बाद शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए बोला- 'जब तक राहुल गांधी कांग्रेस में हैं, हमें कुछ भी करने की जरूरत नहीं है'

बीता दिन पंजाब और कांग्रेस के लिए सनसनी वाला रहा जहां पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस घटना के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि जब तक राहुल गांधी कांग्रेस में हैं, हमें कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। चौहान ने कहा, राहुल गांधी कांग्रेस को डुबा रहे हैं, अच्छी तरह से चल रही पंजाब सरकार बर्बाद कर दी। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को नवजोत सिंह सिद्धू की वजह से हटाया गया और अब सिद्धू भी भाग गए हैं।

पंजाब के भविष्य और भलाई के साथ कभी समझौता नहीं कर सकता : नवजोत सिंह सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू ने करीब दो माह पहले ही 23 जुलाई को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला था। 18 सितंबर को अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए चरणजीत सिंह चन्नी को 20 सितंबर को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाए जाने के बीच सिद्धू का यद कदम बेहद चौंकाने वाला बताया जा रहा है। हालाकि, सिद्धू ने कांग्रेस में बने रहने की बात कही है। सिद्धू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा है। सिद्धू ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए अपने इस्तीफे में लिखा, 'एक आदमी के चरित्र का पतन समझौते से शुरू होता है। मैं पंजाब के भविष्य और भलाई के साथ कभी समझौता नहीं कर सकता। ऐसे में, मैं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं। मैं कांग्रेस के लिए काम करता रहूंगा।'