अचानक बिगड़ी मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तबीयत, रद्द हुआ आज का विदिशा दौरा

मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज विदिशा के कुरवई, सिरावद और बिशनपुर बाढ़ क्षेत्र का दौरा करने के लिए दोपहर 1:30 बजे रवाना होने वाले थे लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से इस दौरे को रद्द करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने देर शाम होने वाली मुलाकातों को भी टाल दिया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री को दो दिन से बोलने के दौरान गले में तकलीफ हो रही थी, लेकिन सोमवार को रवींद्र भवन में पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम में ज्यादा परेशानी होने लगी। डॉक्टर ने जांच कर उन्हें रेस्ट करने की सलाह दी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उनको हल्का बुखार और गले में खराश की शिकायत है। बोलने में तकलीफ हो रही है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री का सोमवार को कुरवई विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों से मिलने का कार्यक्रम था। उन्हें मंगलवार 17 अगस्त को अशोकनगर और गुना का दौरा करना था, उसे भी निरस्त कर दिया गया है।