हिमाचल : पांच बेटियों की असहाय मां की आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री ने बढ़ाए हाथ, दिए दो लाख रुपये

प्रदेश के चिंडी विश्राम गृह में आज गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक दुखियारी मां की पीड़ा सुनी और पांच बेटियों की असहाय मां की आर्थिक मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया हैं। मुख्यमंत्री ने मदद के रूप में दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से मौके पर ही उनके परिवार के लिए दो लाख की आर्थिक मदद स्वीकृत करने पर सीमा देवी ने उनका आभार व्यक्त किया है।

गांव खड़ूहन डाकघर शोरशन तहसील करसोग की सीमा देवी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके पति हिमाचल पथ परिवहन निगम में कार्यरत थे। वह नियमित नहीं हुए थे और कुछ साल पहले उनका निधन हो गया। उनकी पांच बेटियां हैं। पति के देहांत के बाद पांच बेटियों की पढ़ाई और परिवार की गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। उनकी एक बेटी कॉलेज में पढ़ती है जबकि अन्य स्कूल में अध्ययनरत हैं।