IPL 2021 : भारत में कोरोना महामारी पर बोले क्रिस वोक्स, खुद को बताया खुशनसीब

आईपीएल 2021 जारी है जो कि इस कोरोनाकाल में इस बार भारत में ही खेला जा रहा हैं। पिछली बार यह टूर्नामेंट UAE में खेला गया था। भारत में इस समय कोरोना के हालत बिगड़ते ही जा रहे हैं और लगातार 3 लाख से ऊपर मामले सामने आ रहे हैं। इस बीच आईपीएल का टूर्नामेंट सुरक्षित तरीके से कराया जा रहा हैं। आईपीएल का हिस्सा बने इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने भी अपनी राय रखते हुए कहा कि 'हम खुशकिस्मत हैं कि ऐसे माहौल में भी खेल रहे हैं। पूरा भारत इस समय महामारी से जूझ रहा है।' वोक्स ने कहा कि वे खुद को लकी समझते हैं कि ऐसे मुश्किल वक्त में भी खेल के जरिए लोगों का मनोरंजन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सहित पूरी दुनिया जिस स्थिति से गुजर रही है वह काफी कष्टदायक है। लेकिन, इस मुश्किल हालात का मुकाबला करना ही होगा।

वोक्स ने कहा कि बायो बबल में लंबे समय तक रहना चुनौतीपूर्ण होता है। वे हमेशा खुद को सकारात्मक बनाए रखने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा, 'बायो सिक्योर बबल में लंबे समय तक रहना मुश्किल है। हालांकि मेरे साथ अच्छी बात यह है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम में इंग्लैंड के दो अन्य खिलाड़ी सैम बिलिंग्स और टॉम करन भी हैं। हम तीनों आपस में खूब बातें करते हैं और एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते रहते हैं।'

अब तक पांच खिलाड़ी हो चुके हैं पॉजिटिव

IPL में हिस्सा लेने वाले पांच सितारे अब तक पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें अक्षर पटेल, डेनियल सैम्स, नीतीश राणा जैसे सितारे भी शामिल हैं। बायो बबल की थकान को देखते हुए राजस्थान रॉयल्स के लियाम लिविंगस्टोन वापस इंग्लैंड लौट चुके हैं। कोरोना के कारण लगातार दूसरे साल IPL का आयोजन बिना दर्शकों के हो रहा है।