IPL 2021 : पहले ही मैच में गेल ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड जिसके आसपास कोई नहीं

बीते दिन सोमवार को पंजाब किंग्स ने इस टूर्नामेंट का पहला मैच राजस्थान के खिलाफ खेला था जिसमें पंजाब ने अपनी जीत दर्ज की हैं।इस मैच में पंजाब की तरफ से कप्तान लोकेश राहुल (91) और दीपक हूडा (64) की मजबूत पारी देखने को मिली। इसी के साथ ही मैच में गेल का प्रदर्शन भी अच्छा रहा जिसने उन्होंने मात्र 28 गेंदों में 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी की।

पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 2021 के पहले ही मैच में एक नया कीर्तिमान बना डाला। 41 वर्षीय गेल आईपीएल इतिहास में 350 छक्के लगाने वाले पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। गेल ने आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर बेन स्टोक्स को डीप स्क्वेयर लेग की तरफ छक्का लगाया और यह मुकाम हासिल किया।

बता दें कि आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में एबी डीविलियर्स दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 157 पारियों में 237 छक्के लगाए हैं। वहीं इस सूची में तीसरे स्थान पर 216 छक्कों के साथ धोनी मौजूद हैं।

बात करें गेल के आईपीएल प्रदर्शन की तो उनका यह 133वां मुकाबला है। अलग-अलग टीमों की तरफ से खेलते हुए वह 4801 रन बना चुके हैं। उन्होंने ये रन 41.38 की औसत और करीब 150 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। गेल के नाम पर छह शतक और 31 अर्धशतक भी दर्ज हैं।