2027 से पहले ही चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे आबादी वाला देश बन जाएगा भारत!

भारत को जनसंख्या के लिहाज से चीन के बाद दूसरा स्थान प्राप्त हैं। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान था कि 2027 में भारत चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे आबादी वाला देश बन जाएगा। लेकिन अब चीनी विशेषज्ञों का मानना हैं कि चीन में लगातार कुछ वर्षों से जन्मदर में आई गिरावट की वजह से भारत वर्ष 2023-2024 तक दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा। पेकिंग यूनिवर्सिटी में समाजशास्त्री लू जीहुआ ने कहा कि चीन की जनसंख्या 2027 तक पीक पर होगी और उसके बाद इसमें गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि कई विशेषज्ञों का मानना है कि यह पीक 2022 मेें ही आएगा।

संयुक्त राष्ट्र 2019 के अनुमान के मुताबिक भारत की जनसंख्या में 2050 तक 27.3 करोड़ का इजाफा होगा और वह 2027 तक दुनिया का सबसे आबादी वाला देश बन जाएगा। अनुमान के अनुसार भारत की आबादी 1 अरब 37 करोड़ हो जाएगी, जबकि चीन की आबादी 1 अरब 43 करोड़ होगी। चीन की ओर से एक दशक में एक बार जारी होने वाली जनगणना रिपोर्ट में मंगलवार को बताया गया कि चीन में जनसंख्या दर बहुत धीमी गति से बढ़ रही है। जनसंख्या वृद्धि दर में इस गिरावट से चीन को भविष्य में श्रम संसाधन की कमी जूझना पड़ सकता है।