चीन में कोरोना के टूटे सारे रिकॉर्ड, 24 घंटे में मिले 5000 से ज्यादा मरीज, 5 करोड़ आबादी घरों में कैद

चीन में कोरोना के सारे रिकॉर्ड टूटने लगे हैं। चीन में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। जब से महामारी शुरू हुई है, तब से चीन में कभी भी एक दिन में इतने ज्यादा केस नहीं आए हैं। इसी बीच शंघाई के वायरोलॉजिस्ट ने चेताया है कि ये समय झूठ बोलने का नहीं बल्कि महामारी के खिलाफ रणनीति बनाने का है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, चीन में बीते 24 घंटे में कोरोना के 5,280 नए मामले सामने आए हैं।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीन के कई प्रांतों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। 5 करोड़ से ज्यादा लोग घरों में कैद कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा 2.4 करोड़ लोग जिलिन प्रांत के हैं। इसके बाद शेनजेन के 1.75 करोड़ लोग और डोंगुआन के 1 करोड़ लोग लॉकडाउन में हैं।

चीन अपनी जीरो-कोविड पॉलिसी की तारीफ करता है। चीन में जब भी कोरोना की नई लहर आती है तो वो सख्त लॉकडाउन लगा देता है और वहां के हर व्यक्ति की कोरोना जांच करता है। इस बार भी चीन में ऐसा ही हो रहा है। चीन के बीजिंग, शंघाई, जिलिन, शेनजेन जैसे प्रांतों में सख्त लॉकडाउन लगा दिया गया है। बस और मेट्रो सर्विस भी बंद कर दी गई है। कोरोना के मामलों को पकड़ने के लिए मेडिकल टीम एंटीजन टेस्ट कर रही है। ये टेस्टिंग सड़क किनारे भी हो रही है। यहां जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं, जिसमें लिखा है, सभी लोगों को कोविड टेस्ट कराना जरूरी है, एक भी घर, एक भी व्यक्ति नहीं छूटना चाहिए।