झुंझुनूं : 5 साल की मासूम को 15 दिन में ही मिला न्याय, युवक दोषी करार, कल सुनाई जाएगी सजा

झुंझुनूं के पिलानी थाना इलाके के श्योराणों की ढाणी में 19 फरवरी को 5 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ था जिसमें आरोपी को कोर्ट ने 15 दिन में ही दोषी करार दे दिया हैं और कल बुधवार को कोर्ट सजा का ऐलान कर सकती हैं। इस मामले में पुलिस की तरफ से कुल 27 गवाह पेश किए। पुलिस ने आरोपी को महज पांच घंटे में गिरफ्तार कर लिया था। नौ दिन में ही पुलिस ने जांच कर कोर्ट में चालान पेश कर दिया था। घटना के बाद जिले भर में आरोपी को सख्त सजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे।

मामले में सोमवार को बहस पूरी हो गई थी। पॉक्सो कोर्ट के विशिष्ट न्यायाधीश सुकेश कुमार जैन के समक्ष करीब तीन घंटे तक बहस चली। विशिष्ट लोक अभियोजक लोकेंद्र सिंह शेखावत ने आरोपी का कृत्य जघन्य मानते हुए कड़ी से कड़ी सजा देने की अपील की थी। इसके बाद कोर्ट ने मंगलवार को आरोपी को दोषी करार दे दिया।

हादसे वाले दिन शाम करीब पांच बजे श्योराणों की ढाणी के पास बच्ची खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी उसका अपहरण करके ले गया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली की शाहपुर रोड पर कुएं के पास एक मासूम रो रही है। वह खून से लथपथ थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची की पहचान कराई। इसके बाद उसे जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दौरान पुलिस ने जगह-जगह लगे हुए सीसीवीटी चेक किए। इसमें आरोपी स्कूटी में बच्ची को ले जाता हुआ नजर आया। घटना के करीब 6 घंटे बाद रात 11 बजे पुलिस ने आरोपी सुनील को शाहपुर में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।