छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव 2025: पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आज शहर के विभिन्न मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें सुरक्षा बलों ने लोगों से मतदान में भाग लेने की अपील की।

राजनांदगांव में महावीर चौक से होते हुए विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च किया गया। जिला प्रशासन ने मतदान के महत्व को लेकर जनता से सहयोग की अपील की है। एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि राजनांदगांव जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान 1250 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। जिले में 17 से ज्यादा पार्टी पेट्रोलिंग करेंगे और अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर 24 घंटे एमसीपी लगाए जाएंगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत होगी। राजनांदगांव में कुल 235 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत राजनांदगांव जिले के सभी 5 नगरीय निकायों में 11 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। नगर पालिक निगम राजनांदगांव में महापौर के 1 पद और 51 वार्ड पार्षद के पदों के लिए चुनाव होंगे। इसके अलावा, नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ में अध्यक्ष के 1 पद और 24 वार्ड पार्षद के पद, नगर पंचायत डोंगरगांव, छुरिया और लालबहादुर नगर में अध्यक्ष के 1-1 पद और 15-15 वार्ड पार्षद के पदों के लिए चुनाव होंगे।

छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव के तहत 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित कुल 173 नगरीय निकायों के चुनाव 11 फरवरी को एक ही चरण में होंगे। इसके साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में आयोजित होंगे।