चेन्नई: पत्‍नी ने मांगी बिरयानी तो पति ने केरोसिन तेल डालकर लगा दी आग, दोनों झुलसे

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बिरयानी को लेकर हुए विवाद में 74 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। पति द्वारा आग लगाए जाने के बाद पत्नी ने पति को गले लगा लिया, जिससे आग पति भी आग की चपेट में आ गया और इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

घटना चेन्नई के अयनावरम की है। यहां सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी करुणाकरण और उनकी पत्नी पद्मावती टैगो नगर में रहते थे। दंपति के 4 बच्चे हैं। जो शहर के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं। बताया गया कि सोमवार की रात पड़ोसियों ने दंपति के घर से चीख-पुकार सुनी, जिसके बाद वो दौड़कर उनके घर गए। जहां पति-पत्नी बेहोशी के हालत में मिले। पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

पूरे मामले को लेकर अयनावरम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनाक्रम को लेकर जांच अधिकारी ने बताया कि दंपति के चारों बच्चे शहर के अलग-अलग इलाकों में रहते थे। बच्चों के साथ न रहने के कारण दोनों चिंतित रहा करते थे और हमेशा लड़ते थे। पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां करुणाकरण 50% तो उनकी पत्नी 65% जली हुईं थी। जिसके बाद मंगलवार को पद्मावती की मृत्यु हो गई। पत्नी की मौत के एक दिन बाद बुधवार की सुबह करुणाकरण की भी मौत हो गई।