चेन्नई के एक बेकरी मालिक को धार्मिक भेदभाव वाले विज्ञापन छपवाने को लेकर गिरफ्तार किया गया था। जैन बेकरीज एंड कन्फेक्शनरीज के मालिक के खिलाफ अब कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, इस बेकरी मालिक ने अपने प्रोडक्ट को लेकर एक विज्ञापन छपवाया था। उस विज्ञापन में उसने सभी जानकारी के साथ साइड में ये भी लिखवाया कि ये सभी चीजें ऑर्डर पर जैन धर्म के स्टाफ बनाते हैं। इन्हें किसी मुस्लिम कर्मचारियों द्वारा नहीं बनाया जाता। यह विज्ञापन कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मिला। इस विज्ञापन पर एक सर्कल कर जानकारी दी गई 'made by jains on orders, no muslim staffs'। इस धार्मिक भेदभाव की शिकायत मिलने पर चेन्नई पुलिस ने बेकरी के मालिक को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले भी इसी तरह का एक मामला झारखंड के जमशेदपुर से सामने आया था। पुलिस ने कुछ ऐसे फल दुकानदारों के खिलाफ मामले दर्ज किए थे, जिन्होंने 'विश्व हिंदू परिषद् द्वारा अनुमोदित फल दुकान' के बैनर लगाए थे। जमशेदपुर पुलिस का कहना था कि दुकानदारों पर 'हिंदू' शब्द लिखने के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं, क्योंकि यह सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की एक कोशिश है।
बता दें कि देश में कोरोना वायरस फैलाने के पीछे मुस्लिम समुदाय को जिम्मेदार बताया जा रहा है। जिसकी वजह से कई लोगों ने मुस्लिम कर्मचारियों के हाथों से ऑर्डर किया खाना लेने से इनकार कर दिया।