लुधियाना कोर्ट में विस्फोट, परिसर में मची भगदड़, 2 की मौत; 4 गंभीर रूप से घायल

पंजाब के लुधियाना के पुराने कोर्ट कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को बम ब्लास्ट होने से दहशत फैल गई है। धमाका कोर्ट कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल में हुआ है। धमका होने के बाद कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई। इस घटना में दो लोगों के मारे जाने की खबर है। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि जहां ब्लास्ट हुआ वहां खिड़किया भी उखड़ गई। बताया जा रहा है कि जहा पर यह धमाका हुआ वहीं जज साहिबान के कोर्ट रुम भी हैं। बिल्डिंग के बाथरूम में यह बम प्लांट किया गया था। गनीमत यह रही कि कोर्ट में भीड़ कम थी क्योंकि कोर्ट में आज वकीलों की हड़ताल थी, नहीं तो कई लोगों की जान जा सकती थी। यह धमाका पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने से कुछ देर पहले ही हुआ है। गौरतलब है कि पंजाब का माहौल खराब करने की मंशा से ही बेअदबी की कोशिश हुई है। जिसकी पुलिस अभी जांच भी ढंग से नहीं कर पाई है।

पंजाब में बीते कुछ साल से चुनाव के दौरान ही ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। धमाके के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। कोर्ट परिसर को पुरी तरह से सील कर दिया गया है। पुलिस मौके पर जांच कर रही है।

जांच के लिए NIA की दो सदस्यीय टीम भी चंडीगढ़ से रवाना हो चुकी है। NIA की टीम पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर धमाके की जांच करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि क्या यह विदेशी ताकतों की हरकत तो नहीं है। अगर इसमें टेरर एंगल मिला तो फिर NIA जांच अपने हाथ में ले लेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ से फॉरेंसिक टीम को लुधियाना भेजा गया है।