हिमाचल : बारिश और भूस्खलन ने बढ़ाई आमजन की चिंता, बंद हुआ चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे

प्रदेश में बारिश लगातार जारी हैं और अपना कहर बरपा रही हैं। इस मौसम में पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की समस्या सामने आ रही हैं जिसकी वजह से आमजन को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। आज भूस्खलन की वजह से चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-3 बंद हो गया हैं। ऐसे में राजधानी शिमला घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि पर्यटक मौसम विभाग की जारी एडवाइजरी के बाद ही शिमला घूमने आएं। पुलिस ने इस दौरान लोगों से वाहनों को पहाड़ी के साथ ना लगाने की हिदायत भी दी है।

जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र के पास भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-3 अस्थाई तौर पर बंद है। मंडी पुलिस का कहना है कि हाईवे की बहाली का काम जारी है। मंडी पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री का कहना है कि बीती रात से हाईवे बंद है। पत्थर की चपेट में आने से सड़क पर खड़ा एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। नेशनल हाईवे-3 पर वाहनों की लंबी कतार है और वैकल्पिक मार्ग से कटौला होते हुए यातायात को डायवर्ट किया जा रहा है।