किसान बुलाएंगे तो नंगे पैर मिलने जाऊंगा: नवजोत सिंह सिद्धू

पंजाब में कांग्रेस की कमान संभालने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू आज शनिवार को मंत्री चरणजीत चन्नी से मिलने चमकौर साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि मेरी टॉप प्रायोरिटी किसान आंदोलन है। यह पवित्र आंदोलन है। इतना ही नहीं सिद्धू ने यह भी कहा कि किसान हमें बताएं कि पंजाब में सत्ता की ताकत उनका क्या सहयोग कर सकती है? अगर किसान बुलाएंगे तो मैं नंगे पैर उनसे मिलने जाऊंगा। बुजुर्ग किसान मेरे माता-पिता के समान हैं और यह पवित्र आंदोलन है। सिद्धू बोले कि किसानों के समर्थन में सबसे पहले उन्होंने अपने घर पर काला झंडा लगाया था।

सिद्धू ने कहा कि उनका 18 सूत्रीय एजेंडा ही पंजाब मॉडल है। इसके जरिए ही वो लोगों के टैक्स की ताकत को वापस उन्हें लौटाएंगे। उन्होंने सभी कांग्रेसी विधायकों व सांसदों को भी संदेश दे दिया कि हाईकमान के इस 18 सूत्रीय एजेंडे के पहरेदार बनें।

इतना ही नहीं सिद्धू इशारों में ही अपनी सरकार पर निशाना साधने से यहां भी नहीं चूके। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की बेअदबी हुई लेकिन क्या इंसाफ मिला?, पूरा पंजाब यह पूछ रहा है। पंजाब की जवानी खाने वाले बड़े मगरमच्छों के नाम बताने पड़ेंगे।

सिद्धू ने कहा कि अगर हमारा दिल साफ है तो पंजाबियों को 18 रुपए यूनिट बिजली क्यों दी जा रही, यह कांट्रेक्ट अभी तक क्यों है? हम नेशनल ग्रिड से 7 रुपए यूनिट क्यों नहीं खरीद रहे।

नवजोत सिद्धू पर अक्सर विरोधी आरोप लगाते हैं कि वो तो कुछ भी कह देते हैं। सिद्धू ने उसका भी जवाब दिया कि उनका हर शब्द सोचा-समझा होता है। उनका एक ही मिशन है कि लोगों को उनकी ताकत मिले। सिद्धू ने कहा कि जिस पंजाब मॉडल की वो बात कर रहे हैं, उसके आगे गुजरात या दिल्ली मॉडल कहीं नहीं टिकता।