औरंगाबाद में ट्रक-कार में भीषण टक्कर, 3 की मौके पर मौत, एक घायल

औरंगाबाद में NH-139 पर कार और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह कार सवार 4 लोग अरवल से औरंगाबाद जा रहे थे, तभी ऊब गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। उनकी हालत गंभीर है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस शव निकालने की कोशिश में जुटी है। हाईवे पर जाम लग गया है। गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौत हुई है। वहीं, डीहरा पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह की हालत गंभीर है।

मिली जानकारी के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह अपने साले दीपक एवं स्कूल के दो शिक्षक के साथ अरवल से औरंगाबाद आ रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी भरूब भट्ठी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।