शनिवार को होगा पंजाब सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार, 9 मंत्री लेंगे शपथ

पंजाब में अमरिंदर सिंह अपने कैबिनेट का पहला विस्तार करने जा रहे हैं। शनिवार को अमरिंदर सिंह अपने कैबिनेट में नौ मंत्रियों को शामिल करेंगे। मुख्यमंत्री इस संबंध में पहले ही पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर चुके हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज बताया कि 9 नए मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे और शपथ ग्रहण समारोह कल होगा।

पंजाब कैबिनेट की कल जो मंत्री शपथ लेंगे वे हैं। सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, सुंदर श्याम अरोड़ा, ओपी सोनी, राणा गुरमीत सोढी, गुरप्रीत कंवर और बलबीर सिद्धू। राहुल गांधी की सहमति के बाद इन नामों पर मंत्री बनने की मुहर लग गई है।

पंजाब सरकार की कैबिनेट विस्तार को लेकर गुरुवार को भी राहुल गांधी की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इस बैठक में कोई हल नहीं निकल पाया था। कांग्रेस के उच्च सूत्रों के मुताबिक, एक दिन पहले हुई मीटिंग में राहुल गांधी के सामने दो प्रकार की लिस्ट पेश की गई थीं। एक लिस्ट में नौ नाम थे जिनके पर कैप्टन, जाखड़, आशा कुमारी और हरीश चौधरी की सहमति थी। दूसरी में 23 नाम थे जो कि वरिष्ठता में आते हैं। पहली लिस्ट में से पांच छह नामों पर राहुल गांधी की भी सहमति थी, लेकिन परगट सिंह, कुलजीत नागरा, संगत सिंह गिलजियां और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग़ जैसे नामों को लेकर पेंच फंसा रहा। इस मीटिंग में कोई हल नहीं निकलता देख राहुल गांधी ने मीटिंग रद कर शुक्रवार को दोबारा मीटिंग बुला ली थी। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद इन नामों के बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है।