रीट परीक्षा कराने के लिए तैयार हैं जयपुर, बनाए गए 5 बस स्टैण्ड, 26 को नेटबंदी पर आज होगा फैसला

26 सितम्बर को राजस्थान में लाखों अभ्यर्थी REET 2021 परीक्षा में शामिल होंगे और इसके लिए राजधानी जयपुर में भी पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। जयपुर जिले में 592 केन्द्रों पर 2.50 लाख परीक्षार्थी रीट देने आएंगे। जयपुर शहर में 458 केन्द्र बनाए गए हैं। जबकि जयपुर ग्रामीण में 134 परीक्षा केन्द्र होंगे। जेडीसी व नोडल अधिकारी गौरव गोयल और कलेक्टर अन्तर सिंह नेहरा ने कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। जेडीसी ने संबंधित अधिकारियों से प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, यातायात व कानून व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए शेल्टर, पेयजल व साफ-सफाई व्यवस्था करने को कहा है। केन्द्रों पर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस जाब्ते की भी व्यवस्था होगी।
नेहरा ने बताया कि कलेक्ट्रेट में कन्ट्रोल रूम बनेगा। यह 25 से 27 सितम्बर की रात तक काम करेगा। इसके अलावा 26 सितम्बर को सभी सीएचसी/पीएचसी खुले रहेंगे। कोई भी अधिकारी/कर्मचारी कलेक्टर की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। 26 को नेटबंदी पर फैसला आज सीएस करेंगे।परीक्षार्थियों के लिए शहर को 20 क्लस्टर में विभाजित कर 5 रीट बस स्टैण्ड अजमेर रोड, टोंक रोड, सीकर रोड, दिल्ली रोड और आगरा रोड पर बनाए जाएंगे। रीट को देखते हुए जेसीटीएसएल प्रशासन ने 28 सितंबर तक कंडक्टर और ड्राइवरों की छुट्टी रद्द कर दी है। उधर, यूनियन का आरोप है कि छुट्टी रद्द कर दी गई, लेकिन ऑफिस में 70 ड्राइवर-कंडक्टर लगे हुए हैं। इन्हें भी रीट में व्यवस्था के तहत लगाना चाहिए।